रायपुर के भाठागांव में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कांग्रेस नेता ब्रम्हा सोनकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुरानी बस्ती पुलिस ने यह कार्रवाई भाठागांव मंडल भाजपा उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह चौहान की शिकायत के आधार पर की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
चौहान का आरोप है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप के जरिए उनके बारे में आपत्तिजनक बातें और कथित तौर पर झूठे आरोप प्रसारित किए गए. शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर उन्हें ‘भाजपा का गुंडा’ और ‘भाजपा का सबसे बड़ा गुंडा’ बताया गया. उन्होंने दावा किया कि पोस्ट और वीडियो में उन पर जमीन कब्जाने समेत अन्य आरोप लगाए गए, जिससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि प्रभावित हुई.
6 अक्टूबर की घटना का भी जिक्र
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 6 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे ब्रम्हा सोनकर ने उन्हें अपने समर्थकों के साथ बुलाया था. इस दौरान विवाद हुआ और समर्थकों ने ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड किया. आरोप है कि बाद में इसी रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया. चौहान ने बताया कि 7 अक्टूबर को उन्होंने सोनकर से पोस्ट के संबंध में पूछताछ की थी.
पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और घटना से जुड़े वीडियो की जांच कर रही है. शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई कि इस तरह की सामग्री से क्षेत्र में विवाद और शांति भंग की स्थिति बन सकती है.
कांग्रेस नेता ने लगाया जमीन विवाद का आरोप
एफआईआर पर ब्रम्हा सोनकर ने कहा कि अवधपुरी कॉलोनी में महिला समिति हर साल एक स्थान पर माता की स्थापना करती है. उनके अनुसार, उसी स्थान को लेकर लक्ष्मण चौहान हर साल विवाद करते हैं और कब्जे की कोशिश करते हैं. सोनकर ने चौहान के पास कथित कूटरचित दस्तावेज होने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने भी थाने में शिकायत की है. इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
