रायपुर में स्वच्छता रैंकिंग को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने मंगलवार को कचरे के ढेर के बीच खड़े होकर प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं ने रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ़ में पहला स्थान मिलने पर सवाल उठाते हुए शहर की जमीनी स्थिति पर ध्यान देने की मांग की.

प्रदर्शन के दौरान दो लोगों की आंखों पर पट्टी बांधी गई. कांग्रेस ने इसे स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी करने वाले अधिकारियों की कथित अनदेखी का प्रतीक बताया. पार्षदों ने अधिकारियों का फूलमाला और गुलदस्ता देकर सांकेतिक स्वागत भी किया. उनका सवाल था कि जब कई मोहल्लों में कचरा जमा है, घरों से नियमित कचरा उठाने की शिकायतें हैं और सड़कों पर धूल की परत दिखाई देती है, तो शहर को स्वच्छता में पहला स्थान किस आधार पर मिला.

70 वार्डों की सफाई पर शिकायतों का दावा

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि नगर निगम उपलब्धि का जश्न मना रहा है, जबकि शहर की वास्तविक स्थिति अलग है. उन्होंने दावा किया कि सभी 70 वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें हैं. उनके मुताबिक, कई जगहों पर कचरा उठाने में देरी के अलग-अलग कारण बताए जाते हैं और लोगों को परेशानी हो रही है.

तिवारी ने घर-घर कचरा संग्रहण करने वाली रामकी कंपनी और सड़कों की सफाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली स्वीपिंग मशीनों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि यदि मशीनें नियमित रूप से चल रही हैं तो सड़कों पर धूल क्यों जमा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मशीनों का संचालन केवल कागजों में दिखाया जा रहा है.

कांग्रेस नेता ने महाराजबंध तालाब के आसपास की गंदगी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि रैंकिंग और पुरस्कार के साथ शहर की वास्तविक सफाई व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए. प्रदर्शन में पार्षद संदीप साहू, अर्जुमन ढेबर, जयश्री सत्यनारायण नायक, दीप मनीराम साहू और रेनू जयंत साहू मौजूद रहे.