रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे की एक फेसबुक पोस्ट के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक चर्चा तेज हो गई है. बंजारे ने पोस्ट में किसी नेता या गुट का नाम नहीं लिया, लेकिन पद के अहंकार, दूसरों को नीचा दिखाने और चापलूसी की राजनीति पर टिप्पणी की.
बंजारे ने लिखा कि संगठन में पद मिलने का मतलब दूसरों से बड़ा होना नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी मिलना है. उनके अनुसार, दूसरों को छोटा दिखाने से कोई बड़ा नहीं बनता और किसी को बार-बार नीचा दिखाने से अपना कद ऊंचा नहीं होता. उन्होंने यह भी कहा कि समय बदलता रहता है और आज किसी के पास पद है तो कल किसी और के पास हो सकता है.
पोस्ट पर कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं
बंजारे ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कुर्सी की ताकत कुछ समय के लिए होती है, लेकिन व्यक्तित्व की पहचान हमेशा रहती है.” उन्होंने यह भी कहा कि पद पार्टी देती है, जबकि व्यक्ति अपना कद व्यवहार से बनाता है.
पोस्ट पर रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने समर्थन जताते हुए लिखा, “बिल्कुल सही बात है, लोग समझते कहां हैं, देर-सबेर समझते हैं.” प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल ने टिप्पणी की, “रसूख सिर पर चढ़ जाए तो इंसानियत उतर जाती है.” उन्होंने आगे लिखा कि कई लोगों को जनता ने जमीन दिखा दी है.
पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी संगठन में कथित खींचतान और चापलूसी की राजनीति पर नाराजगी जताई. एक कार्यकर्ता ने टिप्पणी की कि संगठन में ड्राइवरी और चापलूसी करने वाला ही आगे बढ़ता है. हालांकि, पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि बंजारे की टिप्पणी किसके संदर्भ में थी.
बंजारे ने बाद में कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति को निशाना नहीं बनाया है और केवल अपने मन की बात कही है.
