रायपुर में ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक को देर रात फोन कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. आरक्षक हरजीत सिंह ने गुरप्रीत सिंह भुल्लर उर्फ गोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोपी पर फोन पर गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
आरक्षक के मुताबिक, आरोपी ने फोन पर कहा कि वह जहां भी मिलेगा, उसे जान से मारकर फेंक देगा. हरजीत सिंह ने बताया कि वह जनवरी 2026 से सिविल लाइन थाने में पदस्थ है. 22 और 23 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:02 बजे ड्यूटी के दौरान उसके मोबाइल पर दो नंबरों से कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को गुरप्रीत सिंह भुल्लर उर्फ गोपी बताया और पुराने विवाद का जिक्र करते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज की.
ड्यूटी पर मौजूद दो आरक्षकों ने भी सुनी बातचीत
शिकायत के अनुसार, हरजीत सिंह ने बातचीत के दौरान मोबाइल स्पीकर पर रखा था. उसके साथ ड्यूटी पर मौजूद आरक्षक वीरेंद्र गायकवाड और जितेश मांझी ने भी कथित गाली-गलौज और धमकी सुनी. आरक्षक ने पुलिस को बताया कि कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में मौजूद है.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने तीज के दिन आरक्षक के घर उसे पकड़ने के लिए पहुंचने की बात का जिक्र किया और इसी को लेकर नाराजगी जताई. हरजीत सिंह ने आरोपी के खिलाफ पहले भी सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज होने का दावा किया है.
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने आरक्षक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
