रायपुर में रविवार को जेन-जी युवाओं ने संवैधानिक आरक्षण बचाओ रैली निकाली. संविधान, सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारी अंबेडकर चौक से राजभवन की ओर बढ़े. राजभवन पहुंचने से पहले पुलिस ने रैली को रोक दिया. इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं रुककर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते रहे.
पदोन्नति और बैकलॉग पद भरने की मांग
आयोजकों ने पदोन्नति में आरक्षण व्यवस्था लागू करने और आरक्षण रोस्टर की पुनर्स्थापना की मांग की. उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लंबे समय से खाली बैकलॉग पदों को भरने तथा आरक्षण से जुड़े नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने की मांग रखी.
प्रदर्शनकारियों ने एससी-एसटी उपयोजना और आदिवासी उपयोजना के बजट का सही उपयोग सुनिश्चित करने की भी मांग की.
ठेका और आउटसोर्स भर्ती पर रोक की मांग
युवाओं ने सरकारी विभागों में नियमित पदों पर ठेका, आउटसोर्सिंग और प्लेसमेंट के माध्यम से भर्ती पर रोक लगाने की मांग की. उनका कहना था कि ऐसी भर्ती व्यवस्था से आरक्षित वर्ग के युवाओं के रोजगार अवसर प्रभावित होते हैं. संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग भी उठाई गई.
आयोजकों ने सरकारी भर्तियों में आरक्षण नियमों के पालन के साथ छात्रवृत्ति और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की. रैली के जरिए संविधान में दिए गए सामाजिक न्याय, समान अवसर और प्रतिनिधित्व से जुड़े प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया.
