रायपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने छह महीने का अग्रिम भुगतान लेने के बावजूद ब्रॉडबैंड कनेक्शन काटने के मामले में भारती एयरटेल लिमिटेड को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी ठहराया है. आयोग ने कंपनी को उपभोक्ता की जमा राशि ब्याज सहित लौटाने और मानसिक क्षतिपूर्ति व वाद व्यय का भुगतान करने का आदेश दिया है.
यह मामला रायपुर निवासी राहुल जैन की शिकायत से जुड़ा है. उपलब्ध विवरण के अनुसार, जैन ने 2016 में आयोग में परिवाद दायर किया था. उन्होंने Airtel के एडवांस रेंटल प्लान के तहत छह महीने की ब्रॉडबैंड सेवा के लिए ₹5,700 का एकमुश्त भुगतान किया था.
शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने उपभोक्ता को उनकी पसंद का नंबर नहीं दिया. इसके अलावा मासिक बिल में ₹99 का अतिरिक्त शुल्क और नंबर बदलने के लिए ₹250 का चार्ज जोड़ा गया. उपभोक्ता ने इस बिल पर आपत्ति जताई और भुगतान नहीं किया, जिसके बाद ब्रॉडबैंड कनेक्शन काट दिया गया.
मामले की सुनवाई आयोग के अध्यक्ष डाकेश्वर प्रसाद शर्मा तथा सदस्य निरूपमा प्रधान और अनिल कुमार अग्निहोत्री की पीठ ने की. सुनवाई के दौरान कंपनी इस एडवांस प्लान से संबंधित वैध ग्राहक समझौता आयोग के सामने पेश नहीं कर सकी.
पीठ ने माना कि छह महीने का भुगतान पहले ही लिए जाने के बाद बिना वैध आधार के सेवा बंद करना लापरवाही है. आयोग ने Airtel को 45 दिनों के भीतर ₹5,700 की मूल राशि परिवाद दायर करने की तारीख से छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित लौटाने का निर्देश दिया है. इसके अतिरिक्त ₹5,000 मानसिक क्षतिपूर्ति और ₹5,000 वाद व्यय के रूप में देने होंगे.
