रायपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने मैक्स बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी माना है. आयोग ने धमतरी निवासी 69 वर्षीय भोलानाथ अग्रवाल का मेडिक्लेम खारिज किए जाने के मामले में कंपनी को कुल 1,93,295 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है.
रकम में इलाज खर्च के 1,78,295 रुपये, मानसिक क्षतिपूर्ति के 10,000 रुपये और वाद व्यय के 5,000 रुपये शामिल हैं. कंपनी को आदेश के 45 दिन के भीतर भुगतान करना होगा. देरी होने पर आदेश की तारीख से वास्तविक भुगतान तक 7 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा.
2018 में कैशलेस इलाज की अनुमति नहीं मिली
भोलानाथ अग्रवाल और उनकी पत्नी बिंदू अग्रवाल के नाम पर 4 सितंबर 2018 को मैक्स बूपा की हेल्थ कम्पेनियन पॉलिसी जारी हुई थी. इसकी बीमा राशि 10 लाख रुपये थी और इसके लिए 64,925 रुपये प्रीमियम लिया गया था. पॉलिसी जारी करने से पहले 31 अगस्त 2018 को धमतरी की एक पैथोलॉजी लैब में मेडिकल जांच भी कराई गई थी.
22 दिसंबर 2018 को भोलानाथ को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनके उपचार में एक्यूट लेफ्ट वेंट्रिकुलर फेल्योर, हृदय की कार्यक्षमता में कमी, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और मोटापे से जुड़ी समस्याएं दर्ज थीं. कंपनी ने यह कहते हुए कैशलेस इलाज की अनुमति नहीं दी कि उन्हें कई वर्षों से शुगर और ब्लड प्रेशर की बीमारी थी. 26 दिसंबर को अस्पताल से छुट्टी के बाद इलाज का खर्च उन्होंने खुद उठाया.
कंपनी ने 27 फरवरी 2019 को क्लेम खारिज कर दिया. उसका तर्क था कि पॉलिसी लेते समय डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, पहले हुए कोलन कैंसर के ऑपरेशन और बीड़ी-तंबाकू सेवन की जानकारी छिपाई गई थी. इसके बाद भोलानाथ ने 19 अगस्त 2019 को उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई.
मेडिकल जांच रिपोर्ट को आयोग ने माना अहम
आयोग के सामने कंपनी की ओर से पुरानी बीमारियों की जानकारी छिपाने का तर्क रखा गया. हालांकि, आयोग ने कहा कि पॉलिसी जारी करने से पहले कंपनी ने खुद मेडिकल जांच कराई थी और उससे संबंधित रिकॉर्ड उसके पास मौजूद था.
आयोग ने पॉलिसी की शर्त 5.3 की भी समीक्षा की. इसमें डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं के लिए विशेष प्रतीक्षा अवधि का प्रावधान था. आयोग के अनुसार, कंपनी यह स्पष्ट नहीं कर सकी कि भोलानाथ को ऐसी कौन-सी गंभीर जटिलता हुई थी, जिसके आधार पर क्लेम खारिज किया जा सके. पीठ ने इस संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट के ओम प्रकाश आहूजा बनाम रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी मामले का भी उल्लेख किया.
