रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र स्थित लाखे नगर के हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड में पटाखा दुकानों की सुरक्षा जांच की गई. दीपावली के दौरान आगजनी या किसी अन्य हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस, फायर ब्रिगेड, बिजली विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने दुकानों का निरीक्षण किया.

जांच के दौरान पटाखों के रखरखाव, दुकानों की बिजली वायरिंग और आग बुझाने वाले उपकरणों की उपलब्धता देखी गई. टीम ने दुकानदारों को पटाखों का भंडारण और बिक्री तय सुरक्षा मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए. दुकानों में अग्निशमन उपकरण रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया.

फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का प्रशिक्षण

निरीक्षण के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने मॉक ड्रिल कर दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का तरीका बताया. उन्हें समझाया गया कि आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास कैसे किया जा सकता है.

बिजली विभाग ने दुकानों की वायरिंग और बिजली के उपकरणों को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए. पुलिस ने कहा कि आग लगने या किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित विभागों को तुरंत सूचना दी जाए. प्रशासन का उद्देश्य दुकानदारों और पटाखे खरीदने आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.