रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर 2.20 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ढेबर सिटी, भाठागांव निवासी विनोद कुमार (47) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 23 सितंबर को इंस्टाग्राम पर ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड का ऑफर देखा था. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कार्ड के लिए आवेदन किया.
पुलिस के मुताबिक, आवेदन के अगले दिन 24 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे विनोद के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया. उसने खुद को ICICI बैंक का कर्मचारी बताया और आवेदन आगे बढ़ाने के लिए पुराने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी. इसके बाद आरोपी ने क्रेडिट कार्ड जारी करने के लिए वीडियो KYC जरूरी बताई.
आरोपी ने विनोद के WhatsApp पर एक लिंक भेजा और उस पर जाकर जरूरी जानकारी भरने को कहा. बैंक कर्मचारी समझकर विनोद ने लिंक खोला और मांगी गई जानकारी दर्ज कर दी. KYC प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही देर बाद उनके PNB क्रेडिट कार्ड से लगातार तीन ट्रांजेक्शन हुए. इन ट्रांजेक्शन में कुल 2.20 लाख रुपये निकाल लिए गए.
मोबाइल पर रकम कटने के संदेश आने के बाद विनोद को ठगी का पता चला. उन्होंने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने सावधानी बरतने की अपील की
पुलिस के अनुसार, साइबर ठग सोशल मीडिया पर बैंक और क्रेडिट कार्ड के आकर्षक ऑफर का विज्ञापन देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. आवेदन के बाद वे बैंक कर्मचारी बनकर फोन करते हैं और KYC, कार्ड एक्टिवेशन या क्रेडिट लिमिट बढ़ाने के नाम पर फर्जी लिंक भेजते हैं.
पुलिस ने लोगों से कहा है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले क्रेडिट कार्ड ऑफर की पुष्टि बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से करें. किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और कार्ड नंबर, CVV, OTP या अन्य बैंकिंग जानकारी साझा न करें.
