रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है. बजरंग नगर निवासी 64 वर्षीय किराना दुकानदार देवसिंह साहू का आरोप है कि ठगों ने खुद को CBI और IPS अधिकारी बताकर उन्हें 44 दिन तक डिजिटल अरेस्ट जैसी स्थिति में रखा और अलग-अलग खातों में 8.50 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 अगस्त को एक महिला ने देवसिंह को फोन किया और उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसने की बात कही. इसके बाद आदित्य नाम के व्यक्ति ने उनके परिवार, जमीन और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी ली. फिर बलराज सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताया, जबकि वीडियो कॉल पर प्रदीप सिंह ने खुद को IPS अधिकारी बताया.
आरोपियों ने देवसिंह के नाम से ICICI Bank में 6.80 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग होने का दावा किया. शिकायत के मुताबिक, उन्होंने रकम का मिलान करने के नाम पर अपने खाते से पैसे जमा करने को कहा. पैसे नहीं देने पर जेल भेजने और परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार कराने की धमकी दी गई. देवसिंह और उनकी पत्नी इंदु साहू को लगातार वीडियो कॉल पर सामने बैठे रहने तथा हर घंटे अपडेट देने के लिए कहा जाता था.
नौ ट्रांजेक्शन में भेजी रकम
देवसिंह ने 4 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच PhonePe के जरिए नौ बार रकम भेजी. रिद्धिमा ऑटो और राकेश ट्रेडर्स के खातों में दो-दो लाख रुपये ट्रांसफर किए गए. इसके अलावा UCO Bank, Capwise Trading Technologies Private Limited, गणेश भंडार और सृजन लाइफ मैनेजमेंट के खातों में एक-एक लाख रुपये तथा Kotak Mahindra Bank के खाते में 50 हजार रुपये भेजे गए. रकम जुटाने के लिए उन्होंने जमा-पूंजी और सोने के जेवर बेचने की बात कही है.
लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर देवसिंह ने 3 अक्टूबर को अपने छोटे भाई सुंदर लाल साहू को जानकारी दी. इसके बाद 4 अक्टूबर को खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस को बैंक स्टेटमेंट, चैट, संदेश और ट्रांजेक्शन की रसीदें दी गई हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
