रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस ने मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) की मदद से पीड़ितों को कुल ₹15,737 वापस कराए हैं. पुलिस के अनुसार, ठगी के बाद हुए बैंकिंग लेन-देन को ट्रैक कर रकम रोकने की प्रक्रिया शुरू की गई थी.

पहले मामले में सूर्या नगर गोगांव निवासी वर्षा कुमारी नेताम से ₹27,000 की ऑनलाइन ठगी हुई थी. शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने MRM पोर्टल के जरिए संबंधित बैंकिंग लेन-देन की जानकारी जुटाई. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रकम को ट्रैक कर उसे रोकने की कार्रवाई की गई. इसके बाद वर्षा कुमारी को ₹10,737 वापस कराए गए.

दूसरे मामले में गुढ़ियारी निवासी नागेश्वर कुमार से ₹5,000 की साइबर ठगी हुई थी. पुलिस ने बैंकिंग चैनल में हुए लेन-देन को ट्रैक किया और कार्रवाई के बाद पूरी ₹5,000 राशि उनके खाते में वापस करा दी.

ठगी के तुरंत बाद 1930 पर कॉल करने की अपील

पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने की अपील की है. इसके साथ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और संबंधित बैंक को सूचना देने को कहा गया है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत जितनी जल्दी दर्ज होगी, रकम रोकने और वापस कराने की संभावना उतनी ही बेहतर रहेगी.