रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में 500 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने डिजिटल सुरक्षा से जुड़े ‘साइबर संकल्प’ कोर्स की शुरुआत की.

9 वीडियो मॉड्यूल में ऑनलाइन ठगी से बचाव

‘साइबर संकल्प’ में कुल 9 वीडियो मॉड्यूल हैं. प्रत्येक वीडियो 5 से 6 मिनट का है. इनमें साइबर ठगी के नए तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में आसान भाषा में जानकारी दी गई है.

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से कहा गया कि वे खुद साइबर अपराधों से बचने के साथ अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें. साइबर जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया.

डिजिटल अरेस्ट पीड़ित ने साझा किया अनुभव

कार्यक्रम में साइबर ठगी के पीड़ित डॉ. सेन ने अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि वे एक करोड़ रुपये से अधिक की ‘डिजिटल अरेस्ट’ ठगी का शिकार हुए थे. उनके मुताबिक, ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ में पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद समय पर कार्रवाई के चलते रकम वापस मिल गई.

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर ठगी होने पर घबराने या शिकायत में देरी करने के बजाय तुरंत पुलिस और 1930 हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए.

अधिकारियों ने बताए ऑनलाइन सुरक्षा के तरीके

कार्यक्रम की शुरुआत अपर पुलिस उपायुक्त डॉ. गौरव मंडल के साइबर जागरूकता सत्र से हुई. उन्होंने साइबर अपराधों के बदलते तरीकों और उनसे बचने के व्यावहारिक उपाय बताए. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार ने भी नए तरह के साइबर अपराधों से सावधान रहने और ऑनलाइन सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी.

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता जरूरी है. उन्होंने कार्यक्रम में भारत में करीब 36 लाख करोड़ रुपये के डिजिटल लेनदेन का आंकड़ा भी बताया. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की जरूरत बताई.