त्योहार से पहले रायपुर में रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ गया है. महीनेभर में दूसरी बार दाल और चावल के दाम बढ़े हैं. थोक बाजार में अरहर दाल और चावल की कीमतों में करीब 1,000 रुपये प्रति क्विंटल तक की तेजी आई है, जिसका असर फुटकर बाजार में भी दिखाई दे रहा है.
अरहर दाल की कीमत किस्म के अनुसार 110 से 150 रुपये किलो तक पहुंच गई है. बिना पालिश वाली अरहर दाल 150 रुपये और पालिश वाली दाल करीब 140 रुपये किलो बिक रही है. चना दाल के भाव 80 से 100 रुपये किलो तक हैं. व्यापारियों के अनुसार, पिछले महीने भी दाल की कीमतों में करीब 20 रुपये किलो तक बढ़ोतरी हुई थी.
मूंगफली दाना भी 160 से बढ़कर 170 रुपये किलो हो गया है. चावल की प्रमुख किस्मों में एचएमटी 60 से 70 रुपये, कालीमूंछ 68 से 78 रुपये और श्रीराम चावल 75 से 88 रुपये किलो तक पहुंच गया है. अब्बा हजूर चावल का भाव थोक बाजार में 90 रुपये किलो तक बताया गया है. इन किस्मों में करीब 10 से 15 रुपये किलो तक की वृद्धि हुई है.
शक्कर और सब्जियों के दाम भी बढ़े
शक्कर के भाव में हाल की गिरावट के बाद फिर तेजी आई है. तीन दिन पहले थोक कीमत 50 रुपये और फुटकर कीमत 52 रुपये किलो थी. अब थोक भाव 52 रुपये और फुटकर भाव 55 रुपये किलो तक पहुंच गया है. त्योहार के दौरान मिठाई और पकवान बनाने वाले परिवारों पर इसका अतिरिक्त असर पड़ सकता है.
हरी सब्जियों में टमाटर 20 से बढ़कर 30 रुपये किलो हो गया है. बैंगन, फूलगोभी और करेला 80 रुपये, भिंडी 60 रुपये तथा लौकी, पत्तागोभी और कच्चा केला 40 रुपये किलो बिक रहे हैं. धनिया 160 रुपये और मिर्च 80 रुपये किलो तक पहुंच गई है. आलू करीब 10 रुपये और प्याज 35 से 40 रुपये किलो बिकने से कुछ राहत है, लेकिन इससे पूरी सब्जी खरीदारी का खर्च कम नहीं हो रहा.
स्थानीय खरीदारों का कहना है कि राशन, शिक्षा और स्वास्थ्य के खर्च के बीच खाद्य वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों से मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है.
