रायपुर में यातायात पुलिस ने ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को एजेंटों की सड़क सुरक्षा और पहचान सत्यापन से जुड़े निर्देश दिए हैं. पुलिस ने कहा है कि डिलीवरी कर्मियों को सामान पहुंचाने के लिए 10-15 मिनट जैसी सख्त समय-सीमा के दबाव में नहीं रखा जाए.
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकाल डॉ. अर्चना झा ने शनिवार को विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के संचालकों और प्रबंधकों के साथ बैठक की. बैठक में फ्लिपकार्ट, ब्लू डार्ट, डिलीवरी डॉट कॉम और ब्लिंकिट समेत अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
हेलमेट और यातायात नियमों पर जोर
यातायात पुलिस ने कंपनियों को निर्देश दिया कि दोपहिया वाहन से डिलीवरी करने वाले कर्मचारी हेलमेट पहनकर ही सड़क पर निकलें. एजेंटों को रॉन्ग साइड वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन इस्तेमाल करने से रोकने को कहा गया है.
पुलिस के अनुसार, कम समय में सामान पहुंचाने का दबाव कई बार एजेंटों को जल्दबाजी में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के लिए प्रेरित कर सकता है. इससे दुर्घटना का जोखिम बढ़ता है.
नियमों का उल्लंघन करने वाले डिलीवरी एजेंटों पर संबंधित कंपनियों को अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी होगी.
सभी डिलीवरी कर्मियों का सत्यापन
नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनियों को अपने सभी डिलीवरी कर्मियों का पुलिस चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने कहा कि ये कर्मचारी सीधे लोगों के घरों और संस्थानों तक पहुंचते हैं, इसलिए उनकी पहचान और पृष्ठभूमि का सत्यापन जरूरी है.
यातायात पुलिस ने ग्राहकों से भी अपील की है कि वे डिलीवरी एजेंटों पर जल्द सामान पहुंचाने का दबाव न बनाएं. पुलिस के मुताबिक, कुछ मिनट अतिरिक्त इंतजार करने से एजेंटों को सड़क पर अधिक सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का समय मिल सकता है.
