रायपुर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में DGGI (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस) की टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम तीन गाड़ियों से कारोबारी के ठिकाने पर पहुंची और दस्तावेजों के साथ गुटखा स्टॉक की जांच शुरू की.

जांच के दौरान गोदाम से सितार गुटखा के 50 से ज्यादा बोरे मिलने की जानकारी सामने आई है. अधिकारियों का कहना है कि गोदाम में रखा स्टॉक किसका है, इसकी जांच की जा रही है. कार्रवाई के दौरान गोदाम मालिक और कुछ अन्य लोगों को बुलाकर पूछताछ भी की गई. DGGI टीम ने पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग की है.

महाराष्ट्र कनेक्शन की भी जांच

रिपोर्ट्स में DGGI सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि गोदाम में मिला गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़ा हो सकता है. इसी नेटवर्क से जुड़े एक कारोबारी का पार्टनर दुर्ग में बताया जा रहा है, जहां पहले कार्रवाई हो चुकी है. रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र के कल्याण के पास एक फैक्ट्री से गुटखा बनवाकर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश में सप्लाई किए जाने की आशंका की जांच की जा रही है.

नौ दिन पहले दुर्ग में कार्रवाई

रायपुर की कार्रवाई से करीब नौ दिन पहले सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित स्टेशन चौक इलाके में एक फैक्ट्री पर छापा मारा था. वहां सितार कंपनी का गुटखा बनाए जाने की जानकारी थी. कार्रवाई में गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरे गुटखा जब्त किए जाने की बात सामने आई थी. रायपुर में हुई कार्रवाई को इसी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है. DGGI की जांच पूरी होने के बाद ही स्टॉक के मालिकाना हक और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी.