छत्तीसगढ़ पंजीयन विभाग ने संपत्ति की रजिस्ट्री प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ‘धरोहर’ नाम की नई वेबसाइट शुरू की है. एनजीडीआरएस के इस नए संस्करण को फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर रायपुर में लागू किया गया है.

रायपुर में वीआईपी तिराहा चौक के पास बेबीलोन टॉवर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में इस व्यवस्था के जरिए पंजीयन किया जा रहा है. विभाग के अनुसार, नई प्रणाली का उद्देश्य लोगों को दस्तावेज लेखक या वकील की मदद के बिना रजिस्ट्री के दस्तावेज ऑनलाइन तैयार करने की सुविधा देना है.

आधार नंबर दर्ज करने पर जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी अपलोड होने की बात कही गई है. पंजीयन के लिए तय समय पर कार्यालय पहुंचने से पहले ही संबंधित जानकारी पंजीयक और उप पंजीयक के पास उपलब्ध हो जाएगी. कार्यालय में क्रेता और विक्रेता के डिजिटल हस्ताक्षर लिए जाएंगे.

विभाग के मुताबिक, रजिस्ट्री के दस्तावेज 24 घंटे से कम समय में ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा सकेंगे. इससे लोगों को बार-बार पंजीयन कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी और अतिरिक्त खर्च भी बच सकता है.

जिला पंजीयक रायपुर वीरेंद्र श्रीवास के अनुसार, फिलहाल वेबसाइट से जुड़ी तकनीकी कमियों और उपयोगकर्ताओं को होने वाली संभावित दिक्कतों की जांच की जा रही है. परीक्षण सफल रहने पर ‘धरोहर’ को छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में लागू किया जाएगा.