रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है. बजरंग नगर उरकुरा निवासी 64 वर्षीय किराना दुकानदार देवसिंह साहू का आरोप है कि साइबर ठगों ने उन्हें करीब डेढ़ महीने तक वीडियो कॉल और धमकियों के जरिए अपने नियंत्रण में रखा. इस दौरान उनसे कुल 8.50 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए.
पुलिस को दिए बयान के अनुसार, ठगी का सिलसिला 18 अगस्त को शुरू हुआ. एक महिला ने फोन कर दावा किया कि उनके नाम से ICICI बैंक में खुले खाते से 6.80 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग हुई है. इसके बाद आदित्य नाम के व्यक्ति ने उनसे परिवार, जमीन और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी पूछी. बाद में अलग-अलग नंबरों से कॉल और WhatsApp कॉल आने लगीं.
शिकायत के मुताबिक, एक व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताकर बलराज सिंह नाम बताया, जबकि वीडियो कॉल पर प्रदीप सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को IPS अधिकारी बताया. कथित अधिकारियों ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जेल भेजने और परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार करने की धमकी दी. देवसिंह को हर घंटे वीडियो कॉल पर आने के लिए कहा जाता था. कई बार उनकी पत्नी इंदु साहू को भी वीडियो कॉल के दौरान सामने बैठने का निर्देश दिया गया.
18 अगस्त से 3 सितंबर तक धमकियों और निगरानी का सिलसिला चलने के बाद आरोपितों ने रकम जमा कराने को कहा. उन्होंने दावा किया कि मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी रकम के मिलान के लिए पैसे जमा करना जरूरी है. 4 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच देवसिंह ने कई बार रकम भेजी. अधिकतर लेन-देन एक-एक लाख रुपये के थे, जबकि एक बार 50 हजार रुपये भी भेजे गए.
पीड़ित के अनुसार, रकम में उनकी जमा पूंजी शामिल थी. बैंक में पैसा कम पड़ने पर उन्होंने सोने के जेवर बेचकर भी भुगतान किया. धमकी के कारण उन्होंने बेटे-बेटी को भी जानकारी नहीं दी. 3 अक्टूबर को छोटे भाई सुंदर लाल साहू को घटना बताने पर उन्हें साइबर ठगी का अंदेशा हुआ. इसके बाद उन्होंने बैंक स्टेटमेंट, चैट, स्क्रीनशॉट और ट्रांजेक्शन रसीदें जुटाईं.
4 अक्टूबर को खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल नंबरों और उन बैंक खातों की जांच शुरू की है, जिनमें रकम भेजी गई थी. जांच में ट्रांजेक्शन की कड़ियों और रकम आगे भेजे जाने वाले खातों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
