रायपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपियों ने 62 वर्षीय महिला को करीब पांच दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखने का दावा कर 7 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए. आरोपियों ने खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का अधिकारी बताया और महिला को गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कहकर डराया. शिकायत के आधार पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस के मुताबिक, नर्मदापारा निवासी रीता खन्ना के मोबाइल पर 7 अक्टूबर को वाट्सऐप कॉल आया था. कॉल करने वाले ने अपना नाम विक्रम सिंह बताया और कहा कि महाराष्ट्र में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है. आरोपी ने दावा किया कि उनके आधार नंबर से एक फर्जी बैंक खाता खोला गया है, जिसमें मनी लॉन्ड्रिंग की रकम मिली है.
इसके बाद आरोपियों ने वाट्सऐप पर एक पत्र भेजकर जांच के नाम पर सत्यापन कराने की बात कही. महिला से परिवार, संपत्ति, बैंक खातों और एफडी से जुड़ी जानकारी ली गई. गलत जानकारी देने पर जेल भेजने की धमकी दी गई और लगातार फोन कर मानसिक दबाव बनाया गया. 8 अक्टूबर को उनकी बात राकेश अग्रवाल नाम के व्यक्ति से कराई गई, जिसे वरिष्ठ अधिकारी बताया गया.
आरोपियों के दबाव में महिला ने 9 अक्टूबर को केनरा बैंक की एफडी तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की. 12 अक्टूबर को वीडियो कॉल के दौरान उनसे आरटीजीएस फॉर्म भरवाया गया. फॉर्म में ‘महाकाली मेटल’ नाम के खाते का विवरण दर्ज कराया गया और 7 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए. महिला ने भुगतान की रसीद भी आरोपियों को वाट्सऐप पर भेज दी.
आरोपियों ने भरोसा कायम रखने के लिए RBI के नाम से कथित प्रमाणपत्र भेजा था. बाद में NOC नहीं मिलने पर महिला को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की. पुलिस मामले की जांच कर रही है. साइबर सेल रायपुर में इसी तरह कारोबारी और शिक्षक से हुई ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है.
