रायपुर के सदर बाजार में करीब 100 साल पुराने जर्जर भवन का एक हिस्सा तीन दिन पहले अचानक सड़क पर गिर गया. घटना के समय कोई इसकी चपेट में नहीं आया. सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और भवन के खतरनाक हिस्से को हटाने की कार्रवाई की.

इस घटना के बाद शहर में चिन्हित 100 से ज्यादा जर्जर भवनों की स्थिति पर फिर सवाल उठे हैं. निगम की सूची में शामिल कई इमारतें मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले बाजारों के बीच हैं. सदर बाजार के अलावा फूल चौक, हलवाई लाइन और शदाणी चौक जैसे इलाकों में भी पुराने भवन लोगों की आवाजाही के बीच खड़े हैं.

नोटिस के बाद कार्रवाई में देरी

नगर निगम आम तौर पर जर्जर भवनों की पहचान कर उनके मालिकों को नोटिस देता है. बारिश से पहले ऐसे भवनों पर नोटिस चस्पा किए जाते हैं. गणेश उत्सव के दौरान झांकी और विसर्जन के रास्तों पर स्थित जर्जर इमारतों को लेकर भी कार्रवाई की जाती है.

कई मामलों में मालिकों से भवन खाली कराने या उसे खुद गिराने को कहा जाता है. मालिक की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर आगे की प्रक्रिया में समय लग सकता है. इस दौरान भवन के आसपास लोगों की आवाजाही जारी रहती है.

जर्जर इमारतों से खतरा केवल पूरी संरचना गिरने का नहीं होता. कमजोर दीवार, छज्जा, छत या उसका कोई हिस्सा भी अचानक गिर सकता है. बारिश के दौरान नमी से पुराने निर्माण की स्थिति और खराब होने की आशंका रहती है, जिससे राहगीर, दुकानदार और ग्राहक जोखिम में रहते हैं.

भाठागांव में सबसे ज्यादा भवन

नगर निगम के जोनवार आंकड़ों के अनुसार, जोन-6 भाठागांव में 36 जर्जर भवन चिन्हित हैं. जोन-4 मोतिबाग और जोन-8 महोबा बाजार में 24-24, जोन-7 समता कॉलोनी में 14, जोन-5 ईदगाहभाठा में 12, जोन-1 खमतराई में 10, जोन-3 शंकरनगर में 9 और जोन-2 फाफाडीह में 8 भवन सूची में हैं.

सदर बाजार की घटना के बाद अब बाकी चिन्हित भवनों पर कार्रवाई को लेकर ध्यान है. निगम के सामने यह तय करने की चुनौती है कि किन इमारतों को तत्काल खाली कराना है, किनकी मरम्मत संभव है और किन्हें गिराना जरूरी है.