रायपुर में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों के बीच दिलकश अली के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है. पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक, दिलकश अली को तीन महीने तक रायपुर समेत छह जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहना होगा.
पुलिस के अनुसार, दिलकश अली (26) रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में तरुण नगर, जीवन प्लाजा के पीछे रहता है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2019 से उसके खिलाफ लगातार आपराधिक प्रकरण दर्ज होते रहे हैं.
16 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने का दावा
पुलिस के अनुसार, दिलकश अली के खिलाफ सिविल लाइन और पंडरी थानों में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, चाकूबाजी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 16 मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ पहले भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया.
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त, मध्य क्षेत्र की रिपोर्ट के आधार पर की गई. उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड, साक्ष्यों और पुलिस प्रतिवेदन की समीक्षा के बाद पुलिस कमिश्नर ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 5(ख) के तहत जिला बदर आदेश जारी किया.
आदेश की अवधि में दिलकश अली रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं में नहीं रह सकेगा.
