रायपुर जिले में काम पर नहीं लौटने वाले पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है. अब तक 7 पटवारियों को निलंबित किया गया है, जबकि 229 पटवारियों को नोटिस जारी कर ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया गया है. कार्रवाई रायपुर, तिल्दा, आरंग और अभनपुर अनुविभाग में की गई है.
प्रशासन के मुताबिक, पटवारियों के काम पर नहीं लौटने से राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसी को देखते हुए संबंधित तहसीलों में निलंबन और नोटिस की कार्रवाई की गई है.
किस क्षेत्र में कितनी कार्रवाई
रायपुर तहसील में एक पटवारी को निलंबित किया गया है और 51 को नोटिस जारी हुए हैं. धरसींवा तहसील में 30 पटवारियों को काम पर लौटने का नोटिस दिया गया है. तिल्दा में एक पटवारी सस्पेंड किया गया और 48 को नोटिस जारी किए गए.
आरंग में 2 पटवारियों को निलंबित किया गया है, जबकि 57 को नोटिस दिया गया है. अभनपुर क्षेत्र में 3 पटवारियों पर कार्रवाई हुई है. इनमें गोबरा नवापारा तहसील का एक और अभनपुर तहसील के दो पटवारी शामिल हैं. गोबरा नवापारा के 19 और अभनपुर तहसील के 24 पटवारियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं.
जिला प्रशासन ने पटवारियों से काम पर लौटकर अपनी जिम्मेदारियां निभाने को कहा है. प्रशासन का कहना है कि राजस्व कामकाज सुचारू रखने और नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
