दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में 22 अक्टूबर को विशेष अभियान 6.0 के तहत रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. रायपुर और दुर्ग सहित मंडल के 36 रेलवे स्टेशनों और 7 रेलवे उपक्रमों में हुए कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं और आम लोगों से सीधे बातचीत की.

कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझना तथा यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं में सुधार करना था. मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने रायपुर और दुर्ग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, युवाओं और दुकानदारों से बातचीत की. यात्रियों ने स्टेशन की सफाई, यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं.

डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. रेलवे के अनुसार, जनसंवाद के दौरान सामने आई शिकायतों को दर्ज कर तय प्रक्रिया के तहत उनके निराकरण की कार्रवाई की जाएगी. यात्रियों को रेलवन ऐप और नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम यानी NTES के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई.

सफाई और प्लास्टिक कम करने पर जोर

दयानंद ने दुकानदारों से अपनी दुकानों के सामने सफाई रखने और कचरा नहीं फैलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि कचरे के उचित निपटारे की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की है. प्लास्टिक कचरे से नालियां जाम होने की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने पर जोर दिया.

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक की थैलियों से बचने के लिए जागरूक किया गया. इसके विकल्प के तौर पर कपड़े के थैले बांटे गए. रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन परिसर को साफ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की.

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुस्कर विपुल विलासराव, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल गर्ग, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर समरकर, स्टेशन प्रबंधक, वाणिज्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक और रेलकर्मी मौजूद रहे. समाजसेविका शुभांगी आप्टे और स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य महेंद्र कुमार बागडोदिया भी शामिल हुए.