दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़े के तहत 9 और 10 अक्टूबर को विशेष सफाई अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, परिसरों और कार्यालयों के आसपास स्वच्छता पर ध्यान दिया गया.

प्रमुख स्टेशनों, फुट ओवर ब्रिज, सबवे, बाउंड्री वॉल और रेलवे कॉलोनियों में लगाए गए अनधिकृत पोस्टर, बैनर, स्टिकर और होर्डिंग हटाए गए. दीवारों और खंभों से पोस्टर तथा दीवार लेखन हटाने के बाद उनकी सफाई की गई, ताकि रेलवे परिसर की सुंदरता बनी रहे और दोबारा पोस्टर चिपकाने की प्रवृत्ति कम हो.

अभियान में पान और गुटखे की पीक से बने लाल-पीले दागों को हटाने पर भी जोर दिया गया. दीवारों, खंभों, सीढ़ियों, फुट ओवर ब्रिज और सबवे के कोनों के साथ प्लेटफॉर्म के कोनों तथा प्रवेश-निकास द्वारों की सफाई की गई.

वाणिज्य विभाग की ओर से उद्घोषणा प्रणाली के जरिए यात्रियों से इधर-उधर न थूकने और कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की जा रही है. रेल प्रशासन के अनुसार, रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और कचरा फेंकने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान की कार्रवाई की जा रही है.

रेल प्रशासन ने यात्रियों और आम लोगों से अनधिकृत पोस्टर नहीं लगाने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.