रायपुर में दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, आग लगने, बिजली गुल होने या अचानक तबीयत बिगड़ने जैसी स्थितियों से निपटने के लिए अस्पतालों और प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं. शहर के सरकारी अस्पतालों में कुल 40 इमरजेंसी बेड उपलब्ध रहेंगे. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्राथमिक उपचार की सुविधा भी रहेगी.
DKS सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग में 8 और 9 नवंबर को विशेषज्ञ डॉक्टर तीन शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे. मेकाहारा समेत चार सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी व्यवस्था चालू रहेगी. मेकाहारा की OPD 8 और 9 नवंबर को बंद रहेगी, जबकि इमरजेंसी सेवा 24 घंटे उपलब्ध होगी. नियमित OPD 10 नवंबर से शुरू होगी.
आग और स्वास्थ्य आपात स्थिति में हेल्पलाइन
घर, दुकान, वाहन या अन्य जगह आग लगने पर राज्य अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा नियंत्रण कक्ष के 771-2512330, 771-2512331, 771-2512332 और 771-2512333 नंबरों पर सूचना दी जा सकती है. एकीकृत आपातकालीन सेवा के लिए 112, एंबुलेंस के लिए 108, महतारी एक्सप्रेस के लिए 102 और स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए 104 पर संपर्क किया जा सकता है.
बिजली संबंधी शिकायतों के लिए रायपुर नगर वृत्त-1 में 15 विशेष शिकायत केंद्र बनाए गए हैं. ये केंद्र शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक संचालित होंगे.
नगर निगम के अनुसार, दीपावली और उसके अगले दिन नियमित सफाई के साथ अलग-अलग सड़कों पर स्वीपिंग मशीनें चलेंगी. शहर में 100 से अधिक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट भी सुधारी गई हैं. निगम की शिकायत के लिए 1100, जिला कॉल सेंटर के लिए 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस, महिला और चाइल्ड हेल्पलाइन के नंबर क्रमशः 112, 1091 और 1098 हैं.
पटाखे से जलने पर प्रभावित हिस्से को करीब 20 मिनट तक साफ, ठंडे बहते पानी के नीचे रखें. बर्फ, टूथपेस्ट, घी या तेल न लगाएं और फफोले न फोड़ें. आंख में चोट, गंभीर जलने या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें.
