दीपावली से पहले रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के बाजारों में सजावटी सामान की खरीदारी तेज हो गई है. लोग घरों की दीवारों, दरवाजों और पूजा स्थलों को सजाने के लिए पारंपरिक और हस्तनिर्मित वस्तुएं खरीद रहे हैं. रायपुर के कई बाजारों में सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है.
मालवीय रोड, सदर बाजार, शंकर नगर, भाठागांव, रायपुरा, आमापारा, लाखे नगर चौक, पुरानी बस्ती कालीबाड़ी, सिटी कोतवाली और महावीर नगर में सजावट के सामान की दुकानें लगी हैं. इस बार देसी शैली और पारंपरिक कला से जुड़े उत्पाद ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं.
बाजारों में राजस्थान और कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार किए गए हैंडमेड डेकोरेशन आइटम उपलब्ध हैं. इनमें पारंपरिक कला के साथ आधुनिक डिजाइन और नए रंग संयोजन का इस्तेमाल किया गया है. जयपुर के राजिंदर वर्ष 2018 से हर दीपावली सीजन में रायपुर आकर ऐसे उत्पाद बेच रहे हैं. उनके अनुसार, इस बार डिजाइन, रंगों के संयोजन और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है.
भाठागांव बाजार में तोरण की कीमत लगभग 200 से 250 रुपये बताई गई है. छोटी घंटी वाली दो लड़ियों का सेट 150 रुपये में मिल रहा है. लकड़ी के गणेश की आकृति वाले बड़े घंटे की सामान्य कीमत करीब 350 रुपये है, जबकि दीपावली ऑफर में इसे 250 रुपये में बेचा जा रहा है.
इसके अलावा झूमर, दरवाजे और मंदिर के लिए विशेष लड़ियां 120 रुपये तथा मोगरे जैसे दिखने वाले प्लास्टिक फूलों की लड़ी 150 रुपये में उपलब्ध है. महिलाओं और युवाओं के बीच इन पारंपरिक सजावटी वस्तुओं को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.
