दिवाली की खरीदारी के दौरान रायपुर के बाजारों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और नगर निगम ने सख्ती की तैयारी की है. दुकानदारों को दुकान के बाहर सामान रखकर रास्ता घेरने की अनुमति नहीं होगी. ऐसा पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
सार्वजनिक जगहों पर ठेले लगवाकर उनसे किराया वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी. आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई होगी. इस संबंध में पुलिस, नगर निगम और करीब 50 व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक में चर्चा हुई. बैठक में बाजारों की ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग और ठेले लगाने के लिए स्थान तय करने जैसे मुद्दे शामिल रहे.
जाम की सूचना के लिए हेल्पलाइन
बाजार में कहीं यातायात जाम होने पर लोग 94792-10632 पर सूचना दे सकते हैं. त्योहार के दौरान बाजारों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है.
जवाहर बाजार में दुकानों के कर्मचारियों के वाहन खड़े करने के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था तय की जाएगी. इसका उद्देश्य सड़क पर बेतरतीब पार्किंग कम करना और ग्राहकों के लिए रास्ता खुला रखना है.
ठेले और माल लोडिंग के लिए समय-स्थान तय
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर ठेले लगने से यातायात बाधित न हो, इसके लिए घासीदास स्मारक मैदान, पुराने नगर निगम कार्यालय और सीरत मैदान समेत अन्य स्थानों पर व्यवस्था की जाएगी.
व्यापारियों को बाजारों में माल की लोडिंग-अनलोडिंग रात 11 बजे के बाद और सुबह 10 बजे से पहले करने के निर्देश का पालन करना होगा. दिन में माल चढ़ाने-उतारने से जाम की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है. बाजारों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है.
