रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में एक विवाहिता की शिकायत पर पुलिसकर्मी पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है. महिला थाना पुलिस ने पति रमेश कुमार कुर्रे, सास बुन्द कुंवर कुर्रे और ससुर बनसराम कुर्रे के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष उससे मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था. शिकायत के मुताबिक, शादी के करीब छह महीने बाद से ही उसे कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे. महिला का कहना है कि उसका पति केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में आरक्षक है और मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट करता था.

महिला की शादी 10 अप्रैल 2023 को हुई थी. उसके अनुसार, विवाह के समय मायके वालों ने सोने-चांदी के जेवर, मोटरसाइकिल, पलंग, अलमारी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य घरेलू सामान दिए थे.

शिकायत में यह भी कहा गया है कि रायपुर में किराये के मकान में रहने के दौरान पति संतान न होने पर उसे अपमानित करता था. विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप है. सास-ससुर पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है.

महिला के मुताबिक, परिवार परामर्श केंद्र में काउंसिलिंग के दौरान पति ने आगे अच्छा व्यवहार करने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके बाद भी विवाद और मारपीट जारी रही. उसने तीन नवंबर को भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.