रायपुर में ट्रैफिक पुलिस ने 4 अक्टूबर की दरमियानी रात ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान चलाकर 80 वाहन चालकों पर कार्रवाई की. जांच शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर लगाए गए पॉइंट्स पर की गई. पुलिस ने वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की.
जांच के दौरान 48 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले. इनके खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई है. इसके अलावा मोटरयान अधिनियम के दूसरे प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई. इस तरह अभियान में कुल 80 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई.
70 निजी वाहन कार्रवाई की जद में
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 36 दोपहिया और 34 कारें शामिल थीं. यानी एक ही रात में 70 निजी वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. इनके अलावा 8 ट्रक-टैंकर, एक बस और एक पिकअप चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई.
यह अभियान डीसीपी ट्रैफिक और प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर चलाया गया. यातायात पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिक्रिया का समय प्रभावित होता है. इससे अचानक ब्रेक लगाने, मोड़ लेने या सड़क पर सामने आए खतरे पर प्रतिक्रिया देने में देरी हो सकती है और हादसे का जोखिम बढ़ता है.
2026 में अब तक 4,039 मामलों में कार्रवाई
रायपुर यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ड्रिंक एंड ड्राइव के 4,039 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है. पुलिस ने कहा कि सड़क हादसों की रोकथाम के लिए रात में जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने लोगों से शराब का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने की अपील की है. जरूरत होने पर कैब, ऑटो या किसी अन्य सुरक्षित साधन का इस्तेमाल करने को कहा गया है.
