रायपुर में नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़े मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर से 23 वर्षीय ऋषभ सोनकर को गिरफ्तार किया है. वह जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित न्यू कॉलोनी हुसैन बाग का रहने वाला बताया गया है. पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया है और अब उसकी जांच की जा रही है.
27 जुलाई को दो आरोपियों से हुई थी जब्ती
मामले की शुरुआत 27 जुलाई 2026 को हुई कार्रवाई से हुई. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुरा के गढ़ही तालाब के पास कार्रवाई की थी. पुलिस ने वहां से छन्नू वर्मा (21) और राहुल देव सारवा (20) को गिरफ्तार किया था.
पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से 52 नग कोडिस्टार एंड एनएफ सिरप और 75 नग स्पास्मो एंड प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए थे. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से नशीली दवाओं की सप्लाई के स्रोत के बारे में पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि इसी पूछताछ में जौनपुर निवासी ऋषभ सोनकर का नाम सामने आया. इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मिली जानकारी के आधार पर जौनपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऋषभ को दवाएं कहां से मिलती थीं और रायपुर में वह किन लोगों तक सप्लाई पहुंचाता था. पूछताछ और मोबाइल की तकनीकी जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
