रायपुर के ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की स्पेशल कोर्ट ने तीन आरोपियों को 20-20 साल की सजा सुनाई है. अदालत ने आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी को दोषी ठहराया. मामले के छह अन्य आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया. फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने सुनाया. सरकारी वकील स्वामी शर्मा के अनुसार, सुनवाई के दौरान कुल 20 लोगों की गवाही हुई.
यह मामला रायपुर के टिकरापारा थाने में वर्ष 2024 में दर्ज किया गया था. अभियोजन सामग्री के मुताबिक, शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर आठ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था. मामले में कुल नौ आरोपी थे. बरी किए गए आरोपियों में ओयनका स्टीफेन, अमनदीप छाबड़ा, अभिषेक साहू, लोकेश अग्रवाल, अशोक यादव और नाजरे आलम के नाम शामिल हैं.
कमल विहार में कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2024 को मुखबिर की सूचना पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी. इस दौरान शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 एमडीएमए टैबलेट, जिनका कुल वजन 45.08 ग्राम बताया गया, बरामद की गईं. पुलिस ने एक लोहे की पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपये नकद और दो स्मार्टफोन मिलने की भी जानकारी दी थी.
कसोल से रायपुर तक सप्लाई का आरोप
पुलिस जांच और आरोपियों के बयानों के आधार पर अभियोजन ने सप्लाई नेटवर्क के रायपुर, हिमाचल प्रदेश के कसोल और दिल्ली तक फैले होने की बात कही. आर्यन ठाकरे के मेमोरेंडम बयान के मुताबिक, वह कसोल के होटल एप्पल पाई में मैनेजर था और 21 सितंबर 2024 को वहां से सफेद पाउडर लेकर रायपुर आया था. पुलिस ने उसके पास से 65.50 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही.
बयान के अनुसार, कोकीन की डिलीवरी रायपुर के नरैया तालाब के पास होनी थी. अभियोजन ने यह भी बताया कि अभिषेक साहू को कथित तौर पर हर खेप पर 25 हजार रुपये कमीशन मिलता था. एक अन्य बयान में तीन लाख रुपये नाजरे आलम के बैंक खाते में जमा कराने का उल्लेख है.
अभियोजन के मुताबिक, आरोपियों के पास से चरस, एमडीएमए और कोकीन बरामद हुई थी. हालांकि, छह आरोपियों को अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी किया है.
