रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की स्पेशल कोर्ट ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कारावास की सजा सुनाई है. दोषियों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं. अदालत ने मामले के छह अन्य आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया.
यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने सुनाया. सरकारी वकील स्वाति शर्मा के अनुसार, मामले में कुल 20 लोगों के बयान दर्ज किए गए थे. अभियोजन के मुताबिक, आरोपी नाइजीरियाई नागरिक से ड्रग्स खरीदकर हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल के जरिए छत्तीसगढ़ में सप्लाई करते थे.
कमल विहार में कार्रवाई और बरामदगी
टिकरापारा पुलिस ने 23 सितंबर 2024 को मुखबिर की सूचना पर कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी. पुलिस के अनुसार, शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 एमडीएमए टैबलेट यानी कुल 45.08 ग्राम सामग्री, एक लोहे की पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद हुई थी. मौके से इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपये नकद और दो स्मार्टफोन मिलने की भी जानकारी दी गई थी.
कसोल से रायपुर तक सप्लाई का आरोप
पुलिस जांच में रायपुर, हिमाचल प्रदेश के कसोल और दिल्ली के बीच ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क सामने आने का दावा किया गया. केस रिकॉर्ड में आरोपियों के पास से चरस, एमडीएमए और कोकीन बरामद होने का उल्लेख है.
अभियोजन सामग्री के अनुसार, आर्यन ठाकरे कसोल के होटल एप्पल पाई में मैनेजर के रूप में काम करता था. उसके बयान के मुताबिक, 21 सितंबर 2024 को वह कसोल से रायपुर सफेद पाउडर लेकर आया था. पुलिस ने उसके पास से 65.50 ग्राम कोकीन और एक Redmi मोबाइल बरामद करने की बात कही.
आर्यन के अनुसार, उसे 25 सितंबर को नरैया तालाब के पास माल पहुंचाने के लिए कहा गया था. अभिषेक साहू या उसका कोई साथी वहां खेप लेने वाला था. जांच में यह भी सामने आया कि आर्यन को हर खेप के लिए 25 हजार रुपये और यात्रा खर्च दिया जाता था.
अभियोजन के मुताबिक, सप्लाई और भुगतान के लिए WhatsApp, Snapchat और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था. अभिषेक के बयान में तीन लाख रुपये एक बैंक खाते में जमा कराने का भी उल्लेख है. हालांकि, अदालत ने छह आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी किया है.
