छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की जांच में डुप्लीकेट होलोग्राम के जरिए बिना आबकारी शुल्क वाली शराब को सरकारी सप्लाई जैसा दिखाकर बेचने का आरोप सामने आया है. राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW-ACB) ने इस मामले में 42 आरोपियों के खिलाफ करीब 27 हजार पन्नों का 10वां पूरक चालान पेश किया है. इसमें 20 व्यक्ति और 22 कंपनियां शामिल हैं.
जांच एजेंसी के मुताबिक, कथित सिंडिकेट ने ‘पार्ट-B’ नाम से शराब तैयार करने और बेचने की अलग व्यवस्था बनाई थी. इसके लिए अतिरिक्त बोतलों, डुप्लीकेट होलोग्राम, निजी कर्मचारियों और चुनिंदा परिवहन वाहनों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है. एजेंसी का दावा है कि यह शराब सरकारी दुकानों से बेची जाती थी, लेकिन बिक्री का पूरा हिसाब सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया जाता था.
गोदाम और कार्यालयों में रखे जाने का दावा
जांच दस्तावेजों के अनुसार, अनवर ढेबर से जुड़े गोदाम और एक GST कार्यालय में डुप्लीकेट होलोग्राम रखे जाते थे. जरूरत के अनुसार इन्हें डिस्टिलरियों तक पहुंचाने का आरोप है. जांच में नोएडा और रायपुर के कार्यालयों से होलोग्राम की छपाई का भी उल्लेख किया गया है. एजेंसी ने प्रिज्म होलोग्राफी एंड सिक्योरिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के विधु गुप्ता, आबकारी अधिकारी जनार्दन कौरव और रायपुर यूनिट प्रभारी दिलीप पाण्डे समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच की है.
आरोप के मुताबिक, डिस्टिलरी में शराब की बॉटलिंग, होलोग्राम लगाने, पैकिंग और वाहनों में लोडिंग के बाद बोतलें सरकारी दुकानों तक पहुंचाई जाती थीं. खाली बोतलों की आपूर्ति में अमित सिंह, अनुराग द्विवेदी, सत्येन्द्र गर्ग और नवनीत गुप्ता के नाम भी जांच में दर्ज हैं. एजेंसी ने कुछ लेन-देन में ओवरबिलिंग और बिना बिल के नकद भुगतान का आरोप लगाया है.
15 जिलों में बिक्री और राजस्व नुकसान का दावा
EOW-ACB के आकलन के अनुसार, कथित अवैध कमाई और राजस्व नुकसान 3,076 करोड़ रुपये से अधिक है. इसमें देशी शराब के पार्ट-A, पार्ट-B और पार्ट-C से जुड़े 2,545.94 करोड़ रुपये तथा विदेशी शराब की सप्लाई में 281.89 करोड़ रुपये के कथित कमीशन का उल्लेख है. एजेंसी ने 15 जिलों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए 60.50 लाख पेटियों की बिक्री का आरोप लगाया है.
जांच में पांच मैनपावर एजेंसियों को ओवरटाइम, बोनस और सेवा शुल्क के नाम पर 182.98 करोड़ रुपये के अतिरिक्त भुगतान का दावा भी किया गया है. इसमें से 62.99 करोड़ रुपये कमीशन के रूप में लौटाए जाने का आरोप है.
एजेंसी ने जब्त मोबाइल की एक्सेल शीट के आधार पर 27 मई से 21 जून 2022 के बीच 27 लेन-देन का उल्लेख किया है. जांच के अनुसार, हवाला नेटवर्क के जरिए 208.46 करोड़ रुपये दुबई पहुंचाने की व्यवस्था का दावा किया गया है.
चालान में यश टुटेजा, अख्तर ढेबर, प्रिंस भाटिया, नवीन केडिया, विधु गुप्ता और आबकारी अधिकारी आशीष श्रीवास्तव समेत कई लोगों पर अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं. इन आरोपों और साक्ष्यों पर अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा. आरोपियों की आपराधिक जिम्मेदारी न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगी.
