रायपुर के दुर्गा महाविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया. राष्ट्रीय सेवा योजना और एनसीसी एयर विंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया.
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताया. उन्होंने कहा कि पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रशासनिक कौशल और देश के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा हैं. प्राचार्य ने भारत की विशेषता को अनेकता में एकता बताया.
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुनीता चंसोरिया ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी इच्छाशक्ति के बल पर 500 से अधिक रियासतों को एकता के सूत्र में जोड़ा और मजबूत भारत की नींव रखी.
एनसीसी एयर विंग के स्क्वाड्रन लीडर डॉ. वीके चौबे ने एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की बात कही.
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई. इसके बाद रैली निकाली गई. कार्यक्रम में डॉ. अमन झा, डॉ. सुचित्रा राठी, प्रोफेसर रिमझिम, प्रोफेसर आयशा परवीन और प्रोफेसर खेमन साहू सहित 130 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए. इनमें एनसीसी एयर विंग के 40 कैडेट थे.
