रायपुर के दुर्गा कॉलेज में विश्व नदी दिवस के अवसर पर भूगोल विभाग की ओर से व्याख्यान, प्रश्न मंच और नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 100 से ज्यादा विद्यार्थियों ने प्रश्न मंच में हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए गए.
कार्यक्रम की संयोजिका सुनीता चंसौरिया ने नदियों के महत्व और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी पर विचार रखे. इस वर्ष की थीम ‘जंगल नहीं तो नदियां नहीं, पानी नहीं तो जीवन नहीं’ रखी गई.
मुख्य वक्ता और भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा शुक्ला ने कहा कि भारतीय परंपरा में नदियों को धर्म और संस्कृति से जोड़ा गया है. उन्होंने ऋग्वेद के दसवें मंडल के नदी सूक्त का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, कई नगर नदियों के किनारे बसे हैं, लेकिन प्रदूषण के कारण नदियों का स्वरूप प्रभावित हो रहा है.
औद्योगिक कचरे और दूषित पानी पर चिंता
डॉ. शुक्ला ने कहा कि औद्योगिक कचरे और दूषित पानी के नदियों में मिलने से प्रदूषण बढ़ रहा है. इससे यूट्रोफिकेशन की स्थिति बन सकती है और एल्गल ब्लूम के कारण पानी में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो सकती है. उन्होंने नदी किनारे पेड़ लगाने और दूषित पानी को नदियों में जाने से रोकने की जरूरत बताई.
उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण को केवल नदी दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए. सुनीता चंसौरिया ने मंच संचालन किया, जबकि डॉ. जेके होता ने आभार जताया. कार्यक्रम में डॉ. संजीव प्रामाणिक, भूपेंद्र दुबे और भूगोल विभाग के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
