रायपुर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी से जुड़ी समस्या के समाधान की व्यवस्था की गई है. छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने नगर वृत्त-एक के अंतर्गत आने वाले सभी नगर संभाग कार्यालयों में हर बुधवार विशेष शिविर लगाने का निर्णय लिया है.

मोर बिजली एप के जरिए ई-केवाईसी कराने के दौरान कई उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है. सबसे प्रमुख समस्या उन मामलों में सामने आ रही है, जिनमें आधार कार्ड पर दर्ज नाम और बिजली उपभोक्ता क्रमांक या बिल में दर्ज नाम के बीच वर्तनी अथवा अन्य अंतर है. ऐसे मामलों में ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है.

सुबह 11 से शाम 4 बजे तक लगेंगे शिविर

बिजली कंपनी के अनुसार, विशेष शिविर प्रत्येक बुधवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लगाए जाएंगे. इन शिविरों में नाम में अंतर और अन्य तकनीकी त्रुटियों के कारण लंबित ई-केवाईसी मामलों का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा.

उपभोक्ताओं को शिविर में बिजली बिल की रसीद, आधार कार्ड और संबंधित दस्तावेज लेकर पहुंचने को कहा गया है. कंपनी ने प्रभावित उपभोक्ताओं से शिविरों का लाभ उठाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि वे डिजिटल बिजली सेवाओं का उपयोग कर सकें.