रायपुर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम की टीम प्रहरी और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की. 27 और 28 नवंबर को शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क व फुटपाथ पर लगाए गए 57 ठेले तथा 75 ग्लो साइन बोर्ड और होर्डिंग जब्त किए गए.

यह कार्रवाई यातायात थाना शारदा चौक, टाटीबंध, भाटागांव और फाफाडीह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मार्गों पर की गई. रजबंधा मैदान में नवभारत प्रेस के आसपास सड़क और फुटपाथ से ठेले, अस्थायी दुकानें और यातायात में बाधा बनने वाली सामग्री हटाई गई.

डीडी नगर में गायत्री हॉस्पिटल से गोल चौक, रिंग रोड नंबर-1 और रायपुरा चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई हुई. भाटागांव बस स्टैंड से कुशालपुर ब्रिज तक सर्विस रोड के दोनों ओर का अतिक्रमण हटाया गया. रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 1 और 2 के सामने भी ठेले, अस्थायी दुकानें, ग्लो साइन बोर्ड और होर्डिंग हटाए गए.

छह दिनों में 2,004 ई-चालान

यातायात पुलिस के अनुसार, 24 से 29 नवंबर 2026 के बीच नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 2,004 वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई. दिनवार आंकड़ों में 24 नवंबर को 329, 25 नवंबर को 308, 26 नवंबर को 201, 27 नवंबर को 324, 28 नवंबर को 399 और 29 नवंबर को 443 चालान शामिल हैं.

पुलिस के मुताबिक, बेतरतीब पार्किंग और सड़क-फुटपाथ पर अतिक्रमण से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम होती है, जिससे जाम और पैदल यात्रियों को परेशानी होती है. इससे एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों जैसी आपात सेवाओं के आवागमन में भी बाधा आ सकती है.

अभियान के दौरान ठेला संचालकों, दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और वाहन चालकों को समझाइश दी गई. उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने और वाहनों को अधिकृत पार्किंग स्थल पर खड़ा करने की हिदायत दी गई. यातायात पुलिस ने कहा कि अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.