रायपुर में 4 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने और कारोबारी से मारपीट के मामले में पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. शिकायत कारोबारी बलिराम धरमानी (62) ने की है. पुलिस के मुताबिक, मामले से जुड़े आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है.

FIR में अनवर ढेबर और कुबेर राठी के अलावा संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र कुमार और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी के नाम शामिल हैं. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जमीन के पुराने सौदे को लेकर बलिराम से 4 करोड़ रुपए देने का दबाव बनाया गया. रकम देने से इनकार करने पर गाली-गलौज, मारपीट और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है.

जमीन सौदे को लेकर विवाद

शिकायत के अनुसार, बलिराम ने 2018 में बोरड परिवार की लाभांडी स्थित करीब 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का सौदा किया था. इसमें से 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम हुई थी, जबकि शेष जमीन के लिए एग्रीमेंट किया गया था. परिवार के सदस्यों के बीच विवाद के कारण बाकी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी.

शिकायत में कहा गया है कि 2022 में संदीप अग्रवाल ने कटोरा तालाब स्थित बलिराम के कार्यालय में विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने के बदले 4 करोड़ रुपए मांगे. बाद में बलिराम ने अपने नाम की 40 हजार वर्गफीट जमीन बोरड परिवार को वापस कर दी और इसके बदले उन्हें 3.15 करोड़ रुपए मिले. उनका दावा है कि इसके बाद कोई आर्थिक लेनदेन बाकी नहीं था.

सितंबर में दो बैठकों का आरोप

बलिराम के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को रहमानिया चौक स्थित बबू प्लाजा में बैठक के दौरान फिर 4 करोड़ रुपए मांगे गए. आरोप है कि 27 सितंबर को फाफाडीह के होटल वेलिंगटन में रकम देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई.

पुलिस ने BNS की धाराओं 308(2), 351(3), 296, 115(2), 61(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है. गंज पुलिस ने ऑनलाइन FIR को संवेदनशील श्रेणी में रखा है. फिलहाल सभी आरोप शिकायत पर आधारित हैं और उनकी पुष्टि जांच के बाद होगी.