रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी शोएब ढेबर पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी, गिरफ्तारी में मदद या उसके बारे में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को यह नकद पुरस्कार दिया जाएगा.

पुलिस के मुताबिक, शोएब ढेबर लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा है. जांच के दौरान उसका नाम सामने आया था. पुलिस का दावा है कि उसे पुलिस की गतिविधियों और कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद वह फरार हो गया. उसकी तलाश के लिए कई स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है.

विदेशी नंबर से धमकी का आरोप

मामला 14 सितंबर का बताया गया है. पुलिस के अनुसार, आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी दी गई और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 25 करोड़ रुपए की मांग की गई. इस मामले में आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है.

पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत इनाम की घोषणा की है. आदेश के अनुसार, इनाम देने का अंतिम निर्णय डिप्टी पुलिस कमिश्नर, मध्य क्षेत्र रायपुर का होगा.

दो पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई

आरोपी की तलाश के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को लाइन अटैच किए जाने की जानकारी है. दोनों पर मामले से जुड़ी विभागीय गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप बताया गया है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पुलिस पूर्व महापौर एजाज ढेबर से 50 करोड़ रुपए मांगने के एक अन्य मामले से भी संभावित संबंध की जांच कर रही है. उस मामले में कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी.