रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर युवक से लूट करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और बेल्ट से हमला कर उसका मोबाइल फोन और एक्टिवा की चाबी छीन ली.
घटना 16 अक्टूबर को कंकालीपारा के पास हुई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और गवाहों से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई. पूछताछ में आरोपियों ने आपसी लेन-देन के विवाद को लेकर वारदात करना स्वीकार किया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल लाल रंग का चमड़े का बेल्ट और एक्टिवा की चाबी बरामद की है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेन्द्र सिंह तोमर (37), निवासी प्रिय नगर, अग्रवाल कॉलोनी, डीडी नगर और आकाश पाण्डेय (38), निवासी महोबा बाजार, राजीव नगर, आमानाका के रूप में हुई है. दोनों को 17 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने पुरानी बस्ती थाने में अपराध क्रमांक 545/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत कार्रवाई की है. मामले की आगे जांच जारी है.
