रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में साधु बनकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने ग्वालियर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है. मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है. पुलिस ने दोनों के पास से करीब 3 लाख रुपए कीमत के 17 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
मामला फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स का है. शिकायतकर्ता जसवंत परमार के अनुसार, मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे थे. उन्होंने शिकायतकर्ता की पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और परिवार की घरेलू समस्याओं के बारे में बातें कर भरोसा हासिल किया. इसके बाद पूजा-पाठ कराने के नाम पर जेवर और नकदी लेना शुरू किया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहली बार महिला से सोने की अंगूठी और नकदी ली. करीब 10 से 12 दिन बाद वे दोबारा घर पहुंचे और पूजा के बाद जेवर लौटाने का झांसा देकर सोने की चेन समेत अन्य सोने-चांदी के आभूषण ले गए. महिला को यह कहकर डराया गया कि किसी को बताने पर परिवार के सदस्यों की मौत या कोई अनिष्ट हो सकता है.
7 सितंबर से आरोपी फोन कर और जेवर व नकदी मांगने लगे. इसके बाद महिला को शक हुआ और परिवार ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने FIR दर्ज कर मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया, जिसके आधार पर जांच ग्वालियर तक पहुंची.
पुलिस ने गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू (22), निवासी ग्वालियर, और एक नाबालिग को पकड़ा. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में गुरुदयाल ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर ठगी करने की बात स्वीकार की है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरीके से अन्य वारदातें तो नहीं की हैं.
