रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में करीब सात महीने बाद SIT की जांच पूरी हुई है. पुलिस के मुताबिक, परिवार के मुखिया साजिद अली ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में कीटनाशक दिया और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

पुलिस जांच के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को बैटरी कारोबारी साजिद अली, उनकी पत्नी, एक बेटा और दो बेटियों के शव घर के अंदर मिले थे. घटना से पहले साजिद ने रात करीब 12:30 बजे अपने बेटे इरशाद को फोन कर तुरंत घर आने के लिए कहा था. पुलिस के मुताबिक, बेटे के घर पहुंचने के बाद साजिद बाजार से लाए रसगुल्ले और पेड़े परिवार को खिलाए. इसके बाद साजिद को छोड़कर परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला.

बैंक खातों और सट्टे के कारोबार की जांच

SIT ने साजिद के बैंक खातों और उसके कारोबार से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की. जांच में पिछले पांच वर्षों के दौरान खातों से करीब 70 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई. पुलिस के मुताबिक, साजिद गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था. इस कारोबार में नुकसान होने और बाद में काम बंद होने से उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई थी. पुलिस ने आर्थिक तंगी को घटना की मुख्य वजह बताया है.

जांच में यह भी सामने आया कि साजिद मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था. पुलिस के अनुसार, वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था. वह करीब 15 साल से अपने भाई-बहनों से अलग रह रहा था और भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क कम था. कुछ लोग उससे उधार की रकम मांगने घर आते थे, ऐसी जानकारी भी पुलिस को मिली है.