रायपुर में त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात जाम से निपटने के लिए पुलिस व्यापारिक संगठनों और चैंबर ऑफ कॉमर्स की मदद लेगी. इसके लिए व्यापारियों के सहयोग से ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है. सड़कों और प्रमुख चौराहों पर लगे CCTV कैमरों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को आयोजित रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा और समन्वय बैठक में ये निर्देश दिए. बैठक में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, CSP, DSP और रक्षित निरीक्षक शामिल हुए.
बाजारों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश
पुलिस को बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा गया है. प्रभावी चेकिंग के जरिए चोरी, उठाईगिरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए. त्योहारों के दौरान बाजारों में यातायात सुचारु रखने के लिए व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय पर भी जोर दिया गया.
बैठक में थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करने और वरिष्ठ अधिकारियों को थानों के कामकाज की नियमित समीक्षा करने को कहा गया. CSP और DSP स्तर के अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर अपराध जांच और कानून-व्यवस्था की निगरानी के निर्देश दिए गए.
लंबित अपराधों की समयबद्ध जांच, तय समयसीमा में चालान पेश करने और पुराने मामलों के निराकरण पर भी जोर दिया गया. समन और वारंट की तामिली के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग तथा न्यायालयों के साथ बेहतर समन्वय बनाने को कहा गया.
साइबर ठगी और जमीन विवादों पर फोकस
साइबर ठगी की शिकायतों पर 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से त्वरित कार्रवाई और जमीन विवादों में समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण जांच, आरोपियों की जमानत का प्रभावी विरोध और शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार पर भी जोर दिया गया.
