रायपुर के कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास दुकानों के बाहर लगे डेकोरेशन में आग लग गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, सड़क पर फोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी सजावट पर जा गिरी, जिसके बाद आग भड़क उठी.
आग की चपेट में दो से तीन दुकानों के बाहर लगा डेकोरेशन आया. सजावट जलकर खाक हो गई, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.
माना मंडी की तीन दुकानें प्रभावित
माना थाना क्षेत्र की मंडी में देर रात तीन स्टेशनरी दुकानों में भी आग लग गई. प्रभावित दुकानों में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेशनरी शामिल हैं. ये दुकानें B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित बताई गई हैं.
प्रारंभिक आकलन में तीनों दुकानों में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है. आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन आग लगने के कारण और वास्तविक नुकसान का अभी पता लगाया जा रहा है.
इससे पहले 25 अक्टूबर को रायपुर के पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट की होम डेकोरेशन दुकान में भी आग लगी थी. वह आग इमारत की चौथी मंजिल पर लगी थी और फर्नीचर व सजावटी सामान जल गया था. उस मामले में भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी.
