दीपावली से पहले रायपुर पुलिस ने पटाखा कारोबारियों और अस्थायी विक्रेताओं के साथ बैठक कर दुकानों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया कि पटाखों की दुकानों में अग्निशमन यंत्र और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण रखना अनिवार्य होगा. निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं किया जा सकेगा.
पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम और नॉर्थ जोन में गुरुवार को ये बैठकें हुईं. पश्चिम जोन की बैठक सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन में हुई, जिसमें ईदगाहभाठा मैदान में दुकान लगाने वाले कारोबारी भी शामिल हुए. नॉर्थ जोन की बैठक अस्थायी पटाखा विक्रेताओं के साथ डीसीपी दीपमाला कश्यप की अध्यक्षता में हुई.
दुकानों के लिए सुरक्षा और स्थान संबंधी निर्देश
पुलिस ने कारोबारियों से कहा कि दुकानें केवल तय और अनुमति वाले स्थानों पर ही लगाई जाएं. दुकानों के बीच निर्धारित दूरी रखनी होगी. सड़क और आपातकालीन वाहनों के आवागमन में किसी तरह की रुकावट नहीं होनी चाहिए. दुकानों के आसपास भीड़ जमा न होने देने और बिजली की व्यवस्था सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.
दुकानों के पास धूम्रपान, खुली आग और ज्वलनशील सामान रखने पर रोक रहेगी. लाइसेंस की शर्तों का पालन करना भी जरूरी होगा. संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को देने के लिए कहा गया है. नियमों का उल्लंघन मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
साइबर ठगी से बचाव की जानकारी
नॉर्थ जोन पुलिस ने ‘साइबर पर संकल्प’ अभियान के तहत विक्रेताओं और मौजूद लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने की जानकारी दी. पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा बैंक खाते और निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की सलाह दी. साइबर ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया.
