रायपुर के फूल चौक में दिवाली की सजावट और पूजा के लिए 18 ट्रकों में करीब 1500 क्विंटल फूल पहुंचे हैं. इनमें 15 ट्रक गेंदे के फूलों के हैं, जबकि तीन ट्रकों में सेवंती, गुलाब और दूसरी किस्मों के फूल शामिल हैं. बाजार में सबसे ज्यादा मांग गेंदे की है. इसके बाद कमल के फूल खरीदे जा रहे हैं.
फूल चौक के विक्रेता प्रदीप चौहान के मुताबिक, इस बार अच्छी खरीदी की उम्मीद को देखते हुए 15 ट्रक गेंदे के फूल मंगाए गए हैं. ज्यादातर फूल कोलकाता और बेंगलुरु से आए हैं. कमल के फूल की आपूर्ति छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों से हो रही है.
दिवाली की खरीदारी के चलते फूल चौक में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है. दुकानों पर गेंदे की लड़ियां, खुले फूल और अन्य किस्में सजाई गई हैं. ग्राहक घरों के दरवाजे, आंगन और पूजा स्थलों की सजावट के लिए फूल खरीद रहे हैं.
फूलों के भाव
बाजार में पीले गेंदे की लड़ी 50 रुपए और लाल गेंदे की लड़ी 40 रुपए में बिक रही है. खुला गेंदा 150 रुपए किलो है, जबकि सेवंती के भाव 600 से 800 रुपए किलो तक बताए गए हैं. गुलाब 500 रुपए किलो और कमल का एक फूल 50 रुपए में मिल रहा है. सजावट में इस्तेमाल होने वाला हरा पत्ता 60 रुपए में बेचा जा रहा है.
विक्रेता मूलचंद साहू ने बताया कि त्योहार के दौरान ग्राहकों की मांग के अनुसार मालाएं तैयार करने के लिए रातभर काम करना पड़ता है. दिन में फूलों की बिक्री के साथ छंटाई और अलग-अलग किस्मों को व्यवस्थित किया जाता है, जबकि रात में अगले दिन के लिए गेंदे की लड़ियां और मालाएं बनाई जाती हैं.
ग्राहक घर की सजावट के साथ पूजा के लिए भी अलग-अलग फूल खरीद रहे हैं. कुछ लोग गेंदे को सजावट के लिए, सेवंती को पूजा के लिए और कमल को लक्ष्मी पूजा के लिए ले रहे हैं. बाजार में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों ने फूलों की कई किस्में और ताजगी मिलने की बात कही.
