रायपुर और आसपास के इलाकों में धुंध और अधिक नमी के कारण रविवार को यातायात प्रभावित रहा. कम दृश्यता के चलते रायपुर से गुजरने वाली यात्री ट्रेनों की गति नियंत्रित की गई. रायपुर पहुंचने वाली मुंबई और दिल्ली की कई उड़ानें भी निर्धारित समय से करीब 30 से 45 मिनट देरी से पहुंचीं.
रविवार सुबह रायपुर में दृश्यता 1.6 किलोमीटर दर्ज की गई. सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 98 प्रतिशत और शाम 5:30 बजे 80 प्रतिशत रही. दिनभर औसतन 60 प्रतिशत बादल छाए रहे, जबकि हवा की औसत रफ्तार केवल एक किलोमीटर प्रति घंटा रही. मौसम विभाग के अनुसार कम हवा और अधिक नमी के कारण सुबह धुंध का असर बढ़ा.
रेल और हवाई यातायात पर असर
सुबह और रात के समय धुंध के कारण रायपुर-बिलासपुर रेलमार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ. कम दृश्यता में लोको पायलटों को सावधानी बरतनी पड़ती है, इसलिए कई ट्रेनों की गति नियंत्रित की गई. इससे गाड़ियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा.
प्रभावित ट्रेनों में वैनगंगा सुपरफास्ट, गोंदिया-बरौनी, बिलासपुर सुपरफास्ट, शिवनाथ एक्सप्रेस, टाटानगर एक्सप्रेस, सांतरागाछी हमसफर, गया सुपरफास्ट, कामाख्या कर्मभूमि, हावड़ा सुपरफास्ट, पुरी हमसफर, पुणे-हटिया सुपरफास्ट, मालदा टाउन, कोरबा एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस और रायपुर-बिलासपुर मेमू शामिल हैं.
हवाई यातायात में भी कम दृश्यता और सुबह की अधिक नमी के कारण सावधानी बरती गई. इसके चलते रायपुर आने वाली कई उड़ानों में यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा.
जशपुर में बारिश, तापमान में गिरावट का अनुमान
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को सक्रिय रहा. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. जशपुर जिले के दुलदुला और पत्थलगांव में तीन-तीन सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा हुई.
रायपुर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद दो-तीन दिनों में रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. सोमवार को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से बादलयुक्त रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
