त्योहारों से पहले रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिठाई, ब्रेड और पैक्ड खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की. विभाग के अनुसार, बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास और कमल विहार में की गई कार्रवाई के दौरान तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए. सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में हुई जांच में बिरगांव की खत्री स्वीट्स में मिठाई बनाने के लिए रखे दूध में कीड़े मिलने की बात कही गई. टीम ने काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के नमूने लिए. करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम सहित अन्य सामग्री नष्ट कराई गई. दुकान का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया है.

समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में टीम को परिसर में चूहे और स्टोर रूम में गंदगी मिली. स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के कारण करीब 80 किलो ब्रेड नष्ट कराई गई और फैक्ट्री का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया.

रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास अग्रवाल मिठाई वाला में मिठाई बनाने की जगह के फर्श पर गंदगी मिली. यहां बेसन, लड्डू और घी के नमूने लिए गए. विभाग ने 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा और 25 किलो खोवा-काजू मिश्रण सहित अन्य सामग्री नष्ट कराई.

कमल विहार की कृष्णा स्वीट्स बिना खाद्य लाइसेंस के पैक्ड मिठाइयों की ट्रेडिंग करती मिली. यहां से 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया गया. कुन्दा और मैसूर पाक के नमूने भी लिए गए.

विभाग के मुताबिक, तीनों निलंबित प्रतिष्ठानों को स्वच्छता मानक पूरे होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.