रायपुर में त्योहारों से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिठाई दुकानों और ब्रेड फैक्ट्री में निरीक्षण कर कार्रवाई की. विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली. इसके बाद तीन फर्मों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड नष्ट कराई गई. एक अन्य प्रतिष्ठान से 4,792 किलो पैक्ड मिठाई जब्त की गई.
यह अभियान बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास और कमल विहार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों में चलाया गया. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने टीम के साथ निरीक्षण किया. विभाग ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना है.
खत्री स्वीट्स और ब्रेड बास्केट पर कार्रवाई
बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स में मिठाई बनाने की जगह पर स्वच्छता की कमी मिलने की बात कही गई. विभाग के अनुसार, मिठाई निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे दूध में कीड़े पाए गए. काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के सैंपल जांच के लिए लिए गए. करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम समेत अन्य सामग्री नष्ट कराई गई. इस प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया है.
समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स, जिसे ब्रेड बास्केट के नाम से संचालित बताया गया है, में परिसर और स्टोर रूम की सफाई व्यवस्था पर विभाग ने आपत्ति जताई. निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में चूहे दिखाई देने और गंदगी मिलने की बात सामने आई. यहां से करीब 80 किलो ब्रेड नष्ट कराई गई और लाइसेंस निलंबित कर दिया गया.
अग्रवाल मिठाई वाला का लाइसेंस भी निलंबित
रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास अग्रवाल मिठाई वाला के निर्माण स्थल पर फर्श पर गंदगी मिलने की जानकारी दी गई. टीम ने बेसन, लड्डू और घी के सैंपल लिए. 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा और 25 किलो खोवा-काजू मिश्रण समेत 165 किलो से अधिक मिठाई नष्ट कराई गई. चाट मसाले के चार पैकेट भी नष्ट किए गए.
कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स में खाद्य लाइसेंस के बिना कारोबार संचालित होने की बात सामने आई. यहां से 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया गया. इनकी कुल मात्रा 4,792 किलो बताई गई है.
विभाग के अनुसार, निलंबित लाइसेंस वाली फर्में स्वच्छता मानकों को पूरा करने के बाद ही दोबारा कारोबार शुरू कर सकेंगी. सैंपलों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.
