रायपुर में दिवाली की खरीदारी के दौरान स्थानीय लोगों और विदेशी मूल के युवक-युवती के बीच हुए विवाद के मामले में कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज की है. कार्रवाई भंसाली परिवार की इनोवा कार के ड्राइवर अनिल यादव की शिकायत पर की गई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 28, 296 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है.

शिकायत के मुताबिक, 8 नवंबर को अनिल यादव परिवार के बेटे और बेटी को लेकर टैगोर नगर स्थित उनके घर जा रहे थे. टैगोर नगर मोड़ से पहले HDFC बैंक और जूडियो के पास भीड़ के कारण कार धीमी गति से चल रही थी. इसी दौरान जुपिटर स्कूटर सवार विदेशी युवक-युवती ने बाईं ओर से ओवरटेक करते हुए कार को टक्कर मार दी.

ड्राइवर का आरोप है कि टक्कर के बाद दोनों ने अंग्रेजी में गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए. शिकायत में कहा गया है कि युवती ने अपना कृत्रिम बायां हाथ निकालकर कार के बोनट पर मारा, जबकि युवक ने कार के दरवाजे और कांच पर मुक्के मारे. युवक पर कार का पिछला वाइपर तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया.

विवाद की शुरुआती जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक नाइट पार्टी में युवक के भारतीय लड़कियों के साथ डांस करने को लेकर युवक-युवती के बीच हुई बहस से हुई थी. इसके बाद कटोरा तालाब इलाके में उनकी कार की स्थानीय सराफा कारोबारी के परिवार की गाड़ी से टक्कर हुई और विवाद बढ़ गया.

FIR में आरोपियों के नाम दर्ज नहीं हैं. उनकी पहचान विदेशी मूल के युवक-युवती के रूप में बताई गई है, जो जुपिटर वाहन नंबर CG 04 LN 8934 पर सवार थे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी.