रायपुर में पुरानी विधानसभा के पास स्थित राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर से 20 हजार से अधिक सूबबुल के पेड़ हटाए जाएंगे. ये पेड़ संस्थान के करीब 21 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले हैं. वन विभाग ने कटाई, जड़ उन्मूलन, कटे पेड़ों के परिवहन और स्थल की सफाई के लिए एजेंसी आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू की है.
केवल कटाई नहीं, जड़ों को भी हटाया जाएगा
योजना के तहत सूबबुल के पेड़ों को काटने के बाद उनकी जड़ों को भी जमीन से निकाला जाएगा, ताकि वे दोबारा फैलकर नए पौधे न तैयार करें. इसके बाद खाली क्षेत्र को स्थानीय और देशी प्रजातियों के पौधों के विकास के लिए तैयार किया जाएगा. विभाग का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि परिसर में स्थानीय वनस्पतियों की विविधता को फिर से विकसित करना है.
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, पिछले करीब 10 से 15 वर्षों में सूबबुल का फैलाव तेजी से बढ़ा है. शुरुआत में सीमित क्षेत्र में मौजूद यह प्रजाति अब करीब 21 हेक्टेयर में फैल चुकी है. घने पेड़ों के कारण जमीन की सतह तक पर्याप्त धूप नहीं पहुंचने से छोटे देशी पौधों, जड़ी-बूटियों और अन्य स्थानीय वनस्पतियों के विकास पर असर पड़ने की बात कही गई है.
अधिकारियों के मुताबिक, सूबबुल की जड़ें गहराई तक जाती हैं और यह पेड़ बड़ी मात्रा में पानी का उपयोग करता है. इसके घने फैलाव से स्थानीय पौधों के लिए उपलब्ध संसाधनों पर दबाव पड़ सकता है. पत्तियों के लगातार गिरने से मिट्टी की संरचना और पोषक तत्वों के संतुलन में बदलाव की आशंका भी जताई गई है.
राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना 2007 में हुई थी और इसका परिसर करीब 63 हेक्टेयर में फैला है. यहां वन अनुसंधान, प्रशिक्षण और वन प्रबंधन से जुड़े कार्य होते हैं. संस्थान के संचालक कौशलेंद्र कुमार के अनुसार, कटाई के बाद स्थानीय प्रजातियों को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा, ताकि परिसर में प्राकृतिक वनस्पति विविधता को पुनर्स्थापित किया जा सके.
